केंद्र की पहल पर बिहार के तीन जिलों में शुरू हुआ दिमागी बुखार का टीकाकरण अभियान

बेगूसराय : केंद्र सरकार की पहल के बाद बिहार के तीन जिला बेगूसराय, खगड़िया एवं कैमूर में सोमवार से दिमागी बुखार यानी जापानी इंसेफलाइटिस का टीकाकरण शुरू हो गया है।

बिहार में दिमागी बुखार के बढ़ते मामलों के मद्देनजर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने टीकाकरण से वंचित बिहार के तीन जिलों मेंं भी 15 वर्ष तक के बच्चों को टीका देने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद 23 अगस्त से विशेष टीकाकरण अभियान शुरू गया है। बेगूसराय में डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने सोमवार को मध्य विद्यालय मोहनपुर में इस विशेष अभियान का शुभारंभ किया। जिसमें सबसे पहला टीका मोहनपुर विद्यालय के छात्र आनंद कुमार को दिया गया। डीएम ने बताया कि अभियान केे तहत बेगूसराय जिले के एक से 15 वर्ष तक के दस लाख 47 हजार 322 बच्चों को टीका देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

माइक्रो प्लान बनाकर प्रथम चरण में प्राथमिकता के आधार पर सभी सरकारी और निजी विद्यालयोंं में यह अभियान चलेगा। कोरोना गाइडलाइन के कारण अभी 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ विद्यालय खोले गए हैं, दो माह के अंदर टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सप्ताह में दो-दो दिन सभी विद्यालय में टीकाकरण किया जाएगा। इसके साथ ही अन्य सभी नियमित टीकाकरण केंद्रों पर भी बुधवार और शुक्रवार को रूटीन टीका केे साथ एक से छह वर्ष तक के बच्चों को जेई का टीका दिया जाएगा। टीका लेने वाले सभी बच्चों को कार्ड भी उपलब्ध कराया जाएगा।

अभियान के संचालन के लिए जिला से ग्राम स्तर तक विभिन्न प्रकार की गतिविधि संचालित किया जाना है। डब्ल्यूएचओ, नीति आयोग द्वारा चयनित पीरामल फाउंडेशन, केयर इंडिया एवं पाथ समेत सभी सहयोगी संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। आईएमए, लायन्स क्लब, रोटरी क्लब आदि से भी समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। जनमानस में अभियान के दौरान उत्पन्न भ्रांतियों को दूर करने एवं टीकाकरण के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कुछ जिलों में लापरवाही के कारण जापानी इंसेफलाइटिस के मामलों में वृद्धि देखी गई है, इसके मद्देनजर सभी अभिभाव से अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की जा रही है, ताकि वे टीका से वंचित नहीं रहे। पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर इसके लिए जागरूकता अभियान चलेगा। मौके पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ गोपाल मिश्रा समेत अन्य उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More