Dhanbad News: तीन सब इंस्पेक्टर बने इंस्पेक्टर, सिपाही को मिला एएसआई का पद
-1024x614.jpg)
धनबाद: साहस, वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के तीन सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही को आउट ऑफ टर्म पदोन्नति दी गई है। तीन सब इंस्पेक्टर को इंस्पेक्टर तथा एक सिपाही को एएसआई के पद पर पदोन्नत किया गया। पुलिस विभाग की ओर से यह पदोन्नति उनके बेहतर कार्य और अदम्य साहस को देखते हुए दी गई है।
पदोन्नति पाने वाले सब इंस्पेक्टरों में 2005 बैच के सदानंद सिंह, 2018 बैच के प्रभात रंजन राय और अर्जुन कुमार सिंह शामिल हैं। तीनों को इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति मिली है। वहीं, वर्ष 2009 में बहाल सिपाही नवनीत नवल को उत्कृष्ट कार्य के लिए एएसआई के पद पर पदोन्नत किया गया।
इसको लेकर एसएसपी कार्यालय में पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एस. मोहम्मद याकूब ने पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों को बैज लगाकर सम्मानित किया। पदोन्नति के बाद पुलिसकर्मियों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ नजर आया।
मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी पदोन्नत पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
एसएसपी ने सभी के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर सेवाकाल की कामना करते हुए कहा कि पदोन्नति पाने वाले पुलिसकर्मियों का कार्य अन्य जवानों के लिए भी प्रेरणादायी है। समारोह में डीएसपी मुख्यालय-2 नाजिर अख्तर, डीएसपी मुख्यालय-1 कुमार विनोद समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद थे।




