Pakur News: चाय दुकान की आड़ में बिक रही थी ब्राउन शुगर, पुलिस ने मारा छापा; दो गिरफ्तार
चाय दुकान और आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर, गांजा और नकदी बरामद
पाकुड़ जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पुष्पानगर में अवैध ब्राउन शुगर और गांजा कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। विशेष छापेमारी के दौरान चाय दुकान संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 21 पुड़िया ब्राउन शुगर, 26 पुड़िया गांजा और नकदी बरामद की है।
पाकुड़: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पुष्पानगर स्थित एक चाय दुकान में अवैध रूप से ब्राउन शुगर और गांजा की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना पर पाकुड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ब्राउन शुगर, गांजा और नकदी बरामद की है, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को 8 जून को सूचना मिली थी कि पुष्पानगर में ग्रामीण सड़क किनारे स्थित एक चाय दुकान से नशीले पदार्थों का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में जब पुलिस टीम चाय दुकान पर पहुंची तो वहां मौजूद कई लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। इनमें चाय दुकान संचालक अंसारूल शेख और सादुल शेख शामिल हैं।


इस मामले में मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 73/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 20(b)(II)(A), 21(d) एवं 22(d) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि कुल 21 पुड़िया ब्राउन शुगर (7.07 ग्राम), 26 पुड़िया गांजा (54.73 ग्राम) तथा 2310 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, थाना प्रभारी गौरव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक चन्द्रदेव सिंह, सहायक अवर निरीक्षक महादेव मंडल तथा मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


