एमजीएम अस्पताल को ठीक से चलाने के लिए अनुश्रवण समिति गठित होः सरयू राय
जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को लिखा पत्र
मंत्री को लिखे पत्र में सरयू राय ने कहा है कि एमजीएम अस्पताल के सुचारू संचालन के लिए सरकार द्वारा एक सक्षम समन्वय एवं अनुश्रवण समिति गठित करना आवश्यक प्रतीत हो रहा है, जिसमें स्थानीय सांसद और विधायक भी शामिल किये जाएँ।
जमशेदपुर: विधायक सरयू राय ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को पत्र लिख कर एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर में मरीज़ों एवं उनके परिजनों के लिए पेयजल एवं अन्य जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा इसके सुचारू परिचालन के लिए एक सक्षम अनुश्रवण समिति गठित करने का आग्रह किया है। मंत्री को लिखे पत्र में सरयू राय ने कहा है कि एमजीएम अस्पताल के सुचारू संचालन के लिए सरकार द्वारा एक सक्षम समन्वय एवं अनुश्रवण समिति गठित करना आवश्यक प्रतीत हो रहा है, जिसमें स्थानीय सांसद और विधायक भी शामिल किये जाएँ।
सरयू राय ने लिखा कि 2024 के विधानसभा चुनाव के ठीक पहले राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से जिस प्रकार आनन-फ़ानन में अस्पताल का उद्घाटन मुख्यमंत्री को अँधेरे में रखकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा करा दिया गया, उसका ख़ामियाज़ा अभी तक अस्पताल प्रबंधन, मरीज़ों तथा मरीज़ों के परिजनों को भुगतना पड़ रहा है। साल भर का समय बीत जाने के बावजूद पुराने अस्पताल का सफल स्थानांतरण नये भवन में नहीं हो पाया है। विधायक ने पत्र में आशंका जताई है कि अगर सक्षम अनुश्रवण समिति नहीं बनी तो आशंका है कि पुराने अस्पताल के साथ-साथ वहाँ की पुरानी समस्याएं भी नए भवन में स्थानांतरित हो जाएँगी।जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखाः अस्पताल उद्घाटन के बाद जब उन्होंने और अस्पताल के समीपवर्ती मुहल्लों के लोगों ने भूगर्भ जलस्तर का नीचे जाने की आशंका जतायी और बड़ी संख्या में डीप बोरिंग कराने का विरोध किया तो आश्वासन दिया गया कि एक साल के भीतर सतह जल की आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था कर ली जायेगी। अब अस्पताल उद्घाटन का एक वर्ष पूरा होने को है पर पेयजल आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था हाल-फ़िलहाल पूरा होने की संभावना दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है। अस्पताल के परिचालन में अनेक ख़ामियाँ हैं, पर फ़िलहाल वह अस्पताल में मरीज़ों एवं उनके परिजनों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली अतिआवश्यक जन-सुविधाओं तक ही सीमित रख रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अस्पताल की अनुश्रवण समिति दवाओं की उपलब्धता, मशीनों की स्थिति, पारामेडिकल स्टाफ़ की स्थिति, पैथोलोजिकल एवं अन्य जांच की स्थिति के बारे में संज्ञान लेगी और इन्हें दुरुस्त कराने का उपाय करेगी। साथ ही एमजीएम अस्पताल के वैधानिक स्तर का ख्याल रखते हुए इसके विधिसम्मत परिचालन की व्यवस्था करेगी।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.



