Hazaribagh News: साधु के वेश में पहुंचे ठगों का भंडाफोड़, महिला का सोने का जेवर बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार
धार्मिक बातों में उलझाकर महिला से ठग लिया था सोने का जीतिया
हजारीबाग के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में साधु के वेश में ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने धार्मिक बातों और बहलावे में लेकर एक महिला का सोने का जीतिया ठग लिया था।
हजारीबाग: जिले के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में साधु के वेश में लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला से ठगी कर ले जाए गए सोने के जेवर को बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस सफलता से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 08 जून 2026 को लगभग 3:30 बजे इचाक निवासी गुड़िया देवी के पति ने पुलिस को सूचना दी कि तीन व्यक्ति साधु के वेश में उनके घर पहुंचे और धार्मिक बातों एवं बहलावे में लेकर उनकी पत्नी का सोने का जेवर (जीतिया) ठग कर फरार हो गए हैं।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मल्टेरी लोहार (पिता-दर्शन लोहार), अरविंद लोहार (पिता-जनक लोहार) तथा तिवारी लोहार (पिता-गुलोत्तर लोहार) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी रोहतास जिले के अमझोर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से मोती जड़ा सोने का जीतिया सहित एक माला तथा सोने जैसा दिखने वाला सात छोटे-छोटे लॉकेट बरामद किया है। बरामद सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में बड़ा बाजार थाना कांड संख्या 146/26 दिनांक 08 जून 2026 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे इससे पहले भी कहीं इसी प्रकार की ठगी की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व बड़ा बाजार ओपी प्रभारी मुकेश कुमार रजक ने किया। अभियान में मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, बड़ा बाजार ओपी के सुधीर कुमार सहित बड़ा बाजार ओपी एवं मुफस्सिल थाना के पुलिस बल के जवान शामिल थे।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts

Latest News

