धनबाद में बड़ी कार्रवाई, बस से 1400 किलो नकली पनीर और 90 किलो नकली घी बरामद
बिहार से आने वाली बस से बरामद हुआ मिलावटी पनीर और घी
धनबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर बिहार से आने वाली बस से 1400 किलो नकली पनीर और 90 किलो नकली घी बरामद किया। मामले में ड्राइवर और खलासी को हिरासत में लिया गया है।
धनबाद : जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार से आने वाली एक बस से भारी मात्रा में नकली पनीर और घी बरामद किया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह अभियान चलाया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि बरामद पनीर पटना से धनबाद लाया जा रहा था, जिसे लगन और त्योहारों के मौसम में बाजार में खपाने की योजना थी। प्राथमिक जांच में पनीर और घी के मिलावटी होने की आशंका जताई गई है। नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर की धनबाद में पहली बार बरामदगी हुई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा। साथ ही बिहार से आने वाली बसों और अन्य वाहनों की भी लगातार जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की मिलावटी खाद्य सामग्री बाजार में न पहुंच सके।
