Deoghar News: उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने की कृषि और पशुपालन विभाग की समीक्षा
विभिन्न प्रखंडों में संचालित कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा
देवघर समाहरणालय में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में कृषि एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री पशुधन योजना की प्रगति जांची गई। उपायुक्त ने चयन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
देवघर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पशुधन योजना के अंतर्गत जोड़ा बैल वितरण, बकरा पालन, सुकर पालन, बॉयलर पालन तथा बतख पालन जैसी योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में कई योजनाओं की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने असंतोष व्यक्त किया और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करें तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर लाभुकों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के बीएचओ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


