युवा हमारे संसाधन, सरकार उन्हें बना रही हुनरमंद: मुख्यमंत्री
रांची: यह अधूरा होटल प्रबंधन संस्थान हमें विरासत में मिला था लेकिन, अब इस संस्थान के माध्यम से हमारे युवा हुनरमंद बन रोजगार व स्वरोजगार की ओर अग्रसर होंगे। आप सभी 32 बच्चों को शुभकामनाएं। आप हॉस्पिटैलिटी की बारीकियों से अवगत होंगे। सरकार का लक्ष्य इस संस्थान को और बेहतर बनाना है। कुछ ही वर्षों में आप जैसे हुनरमंद युवाओं के बल पर झारखंड परचम लहराएगा। मेरी शुभकामनाएं आप सभी के साथ हैं। पूर्व में युवाओं के कौशल विकास पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
युवा इस राज्य की सबसे बड़े संसाधन हैं। सरकार की शक्ति के स्रोत हैं। इसलिए आज के बदलते समय और मांग के अनुरूप अब डिग्री के साथ- साथ हुनरमंद होना भी जरूरी है। यही वजह रही कि केंद्र सरकार ने कौशल विकास मंत्रालय का गठन किया और युवाओं के प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी। उक्त बातें आज मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ब्राम्बे में होटल प्रबंधन संस्थान के उद्घाटन, स्वदेश दर्शन योजना अंतर्गत इको टूरिज्म तथा लुंगुबुरु घंटाबाड़ी यात्री संबंधित सुविधा भवन के ऑनलाइन शिलान्यास कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही।संग्रहालय के साथ कम्युनिटी सेंटर की स्थापना होगी: बाउरी
पर्यटन मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि दलमा, गेतलसूद, नेतरहाट, बेतला आदि में एक इको टूरिज्म सर्किट बनाया जा रहा है। मुझे विश्वास है कि इसे पर्यटक काफी पसंद करेंगे। यह सर्किट भी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह प्रदेश आदिवासियों का प्रदेश है। संथालों का तीर्थ स्थल लुगुबुरु घंटाबाड़ी में सुविधाओं को बढ़ाने का कार्य प्रारंभ है। यहां एक संग्रहालय के साथ कम्युनिटी सेंटर की स्थापना जल्द होगी। खेल के क्षेत्र में 400 छात्रों को खेलगांव में विश्व स्तर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसका लक्ष्य है कि 2024 के ओलिंपिक में स्वर्ण ले कर आये। जल्द ही पूरे भारत के बच्चों को भी झारखंड में प्रशिक्षित किया जाएगा। सभी ब्लॉक में कमल क्लब के गठन हो चुका है। क्लब के माध्यम से युवाओं को सामाजिक और खेल के क्षेत्र से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। क्लब को निबंधित करवाया गया है। प्रत्येक कमल क्लब को एक लाख रुपये की राशि दी जाएगी। अब खिलाड़ियों को किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्लब के माध्यम से हर पंचायत में एक मैदान दिया जाएगा। इस अवसर पर मांडर विधायक गंगोत्री कुजूर, पर्यटन सचिव राहुल शर्मा, पर्यटन निदेशक संजीव बेसरा, खेल निदेशक अनिल कुमार सिंह, पूर्व विधायक देवकुमार धान, धर्मगुरु बंधन तिग्गा, कमल क्लब के खिलाड़ी, होटल प्रबंधन के छात्र व अन्य मौजूद थे।
Related Posts
Latest News



