रांची के अखबारों की सुर्खिया : स्थानीय नीति लागू करने पर कोई फैसला नहीं, यश बैंक में 950 करोड़ फंसे, अन्य खबरें
रांची : रांची से छपने वाले प्रमुख अखबारों ने आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पहले पन्ने पर विशेष आयोजन किया है. हर अखबार ने महिला दिवस से रिलेट करते हुए खबरें छापी हैं. अखबारों में कोराना वायरस व यश बैंक संकट की दो अहम खबरें है. इसके अलावे भी कई खबरें प्रमुखता से हैं.
प्रभात खबर का पहला पन्ना आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में गुलाबी रंग का हो गया है. अखबार ने टाॅप पर एक खबर छापी है कि अब भी महिलाओं का सशक्त करने के लिए बहुत कुछ करने की जरूरत है. अखबार ने राज्य के अलग-अलग जिलों में बलात्कार, दहेज उत्पीड़न, डायन-बिसाही के मामले का उल्लेख करते हुए यह स्टोरी तैयार की है. एक दूसरी स्टोरी है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम के पास इतिहास रचने का मौका है. यश बैंक संकट पर खबर है: यश बैंक को बचाने का एसबीआइ ने बनाया प्लान. बोकारो के कसमार थाना क्षेत्र में कथित तौर पर भूख से भूखल घासी की मौत के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद जाकर खाद्य आपूर्ति सचिव को जांच करने को कहा. अंदर के पन्ने पर रांची से एक खबर है कि कोरोना वायरस के भय के कारण मुर्गा की बिक्री 55 हजार किलो बिकता था, अब 17 हजार किलो बिकता है. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का बयान है मास्क की कालाबाजारी करना देशद्रोह से भी बड़ा अपराध. यह खबर भी है कि 10 से 14 तक झारखंड में बारिश हो सकती है.दैनिक जागरण ने राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री आलमगीर आलम का बयान छापा है कि स्थानीय नीति पर सरकार ने अभी कोई निर्णय नहीं लिया है. आलम ने कहा है कि यह मामला संवेदनशील है और राज्य में गठबंधन की सरकार है, इसके लिए इस पर कोई निर्णय लेना आसान नहीं है. आलम कांग्रेस के नेता हैं और उनका यह बयान इस मायने में अहम है कि झारखंड कोटे के मंत्री जगरनाथ महतो ने हाल में विधानसभा में कहा कि 1932 का खतियान ही प्रभावी होगा और राज्य सरकार स्थानीय नीति तैयार करेगी. महतो ने यह बयान विधानसभा के प्रश्नोत्तर के हवाले से छापे गए खबर कि राज्य में नयी स्थानीय नीति लागू करने की कोई योजना नहीं के बाद दिया.
दैनिक भास्कर ने आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सबसे बेहतरीन आयोजन किया है. पहले पन्ने को नाम दिया है वुमन भास्कर. फिनलैंड की प्रधानमंत्री सना मरीन का अखबार ने इंटरव्यू छापा है, जिसका शीर्षक है: मैं बहुत जिद्दी हूं, ना नहीं सुनती, बदलाव तो ऐसे ही आएगा. उन्होंने कहा कि भारत में बहुत संभावना है और भारतीय संस्कृति में पूरी दुनिया को एक परिवार माना गया है. सना मरीन दुनिया की सबसे युवा प्रधानमंत्री हैं. द न्यूयार्क टाइम्स के हवाले से इस अखबार ने एक खबर छापी है: कोरोना वायरस से लड़ने में महिलाओं की प्रतिरोधक क्षमता पुरुषों से बेहतर. अखबार ने लिखा है महामारी में दिखती महिलाओं की ताकत, हार्माेन व सेहत संबंधी आदतों से फायदा. दीपिका पादुकोण पर एक आलेख हैं, जिसमें उनका बयान शीर्षक है: मैं लड़की हूं, इस आधार पर कभी फैसला नहीं किया. अखबार ने महिला वर्कफोर्स पर एक ग्राउंड रिपोर्ट छापी है. यह खबर आंध्रप्रदेश के चित्तूर जिले के श्री सिटी का है, जो मैन्युफैक्चरिंग अब है और वहां 50 प्रतिशत वर्क फोर्स महिला हैं. यहां फैक्ट्रियों में परिवार जैसा खुशनुाम माहौल है. महिलाओं की मौजूदगी में माहौल बदल गया है. एक दूसरी स्टोरी है: महिला टी 20 का वल्र्ड कप आज, मेलबोर्न में दुनिया देखेगी भारत की शक्ति.



