अल्ट्रासाउंड क्लीनिक वाले भ्रूण हत्या बंद करें: रघुवर दास
On
कोडरमा: झुमरीतिलैया स्थित प्रखंड मुख्यालय में रविवार को आयोजित जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि अल्ट्रासाउंड क्लीनिक वाले चिकित्सक भ्रूण हत्या कराना बंद करें, क्योंकि इससे जिस बेटी की हत्या की जाती है उसकी आह लगेगी और उनका परिवार कभी सुखी नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि लिंग जांच के लिए माता-पिता भी उतने ही जिम्मेदार हैं।
मुख्यमंत्री ने इस मामले में जिला प्रशासन से कठोर कार्रवाई करने को कहा। कहा कि कोडरमा जिला लिंग परीक्षण के मामले में अन्य जिलों से काफी आगे है। सरकार यह कभी बर्दाश्त नहीं कर सकती की लिंगानुपात में कमी आए। जब बेटी नही होगी तो बहु कहां से लाओगे। उन्होंने कहा कि बेटा तो धोखा दे सकता है परंतु बेटी कभी धोखा नहीं देती, वह अंत तक अपने मां बाप की सेवा करती है। इसलिए लोग बेटा बेटी का फर्क नहीं समझ कर दोनों को बराबरी की शिक्षा दें और उन्हें पढ़ाएं।
डबल इंजन सरकार कर रही विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार राज्य में तेजी से विकास कर रही है। विगत 5 सालों में 30 लाख परिवारों के यहां बिजली कनेक्शन दिया गया है। 2014 से पहले मात्र 38 लाख परिवारों के पास ही विद्युत कनेक्शन था। वहीं गांवो में 2.17 लाख सखी मंडल का गठन कर नारी सशक्तिकरण की दिशा में प्रयास किया गया है। कहा कि एक नवंबर से सखी मंडल की बहनें ही आंगनबाड़ी में राइट टू ईट भोजन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि कोडरमा की जनता का समर्थन यह सिद्ध करता है कि डबल इंजन की सरकार अच्छा काम कर रही है।
कहा कि लोकसभा चुनाव में यहां की जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया था। विधानसभा चुनाव में भी यहां की जनता इसे और ज्यादा बहुमत से दोहराएगी। उन्होंने कहा कि कोडरमा में नारी सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण देखने को मिलता है यहां की सांसद और विधायक दोनों महिला है। उन्होंने जेएमएम और आरजेडी पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह लोग सिर्फ गरीब गुरबों और आदिवासियों को छलने का काम किया है। प्रमुख पदों पर सिर्फ इन्हीं परिवार के लोग काबिज हुए हैं और कोई भी हो उन्हें उच्च पदों पर जाने का अधिकार नहीं है, परंतु भाजपा में ऐसा नहीं है यहां गरीब का बेटा भी राजनीति के उच्च स्थान पर काबिज हो सकता है और यह साबित भी हुआ है।
कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना एवं मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत किसानों को दुगना लाभ देने का काम किया है। आयुष्मान योजना के तहत 57 लाख लोगों को लाभ पहुंचाया गया है। इससे गरीब परिवार का बेटा बहू भी महंगे अस्पतालों में अपना इलाज करवा सकता है। इसके अलावे उन्होंने सभी चलायी जा रही योजनाओं को गिनाया। मौके पर मंत्री डॉ नीरा यादव, सांसद अन्नपूर्णा देवी, विधायक जानकी यादव, जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, प्रणव वर्मा, रमेश सिंह, डॉ. नरेश पंडित, रवि मोदी, सुरेश यादव, विजय राम, संगीता सिन्हा, साजिद हुसैन लल्लू, देवनारायण मोदी, वीरेंद्र सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामचंद्र सिंह एवं संचालन नितेश चंद्रवंशी व शिवेंद्र नारायण ने संयुक्त रूप से की।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:
Latest News


