कोरोना : आरएसएस ने प्रतिनिधि सभा की बैठक रद्द कर दी, विजयवर्गीय को लगता है 34 करोड़ देवी-देवता बचा लेंगे
नयी दिल्ली : एक ओर भारतीय जनता पार्टी के पितृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए जहां तमाम तैयारियों के बावजूद बेंगलुरु में होने वाली अपनी अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक रद्द कर दी है, वहीं भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय को लगता है कि भारत में 33 करोड़ देवी-देवता हैं, जो कोरोना वायरस से बचाएंगे.
आरएसएस की प्रतिनिधि सभा उसके संगठन की सर्वाेच्च निधि निर्धारक इकाई है जिसकी बैठक साल में एक बार होती है. आरएसएस के महासचिव भैयाजी जोशी ने इस संबंध में बयान जारी कर कहा है महामारी COVID- 19 (कोरोना) महामारी की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा निर्देशित सूचना एवं परामर्श को ध्यान में रखते हुए बेंगलुरु में होने वाली प्रतिनिधि सभा को स्थगित किया जाता है. साथ ही उन्होंने स्वयंसेवकों से कहा है कि सभी स्वयंसेवक अपने-अपने क्षेत्र में जागरूकता लाने के लिए और चुनौती का सामना करने के लिए शासन एवं प्रशासन का सहयोग करें. आरएसएस प्रतिनिधि सभा की बैठक 15 से 17 मार्च तक बेंगलुरु में प्रस्तावित थी.मा. सरकार्यवाह सुरेश (भय्याजी) जोशी का वक्तव्य : pic.twitter.com/q148b9lRpy— RSS (@RSSorg) March 14, 2020
उधर, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि हनुमान जी का नाम कोरोना पछाड़ हनुमान रख दिया है. उन्होंने कहा कि भारत में 33 करोड़ देवी-देवता रहते हैं और वे कोरोना वायरस से रक्षा करेंगे. उन्होंने कहा कि हमारे देश में कोरोना-वोरोना से कुछ नहीं होगा. वहीं, एक और भाजपा नेता व केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चैबे ने कहा है कि सभी सभा व कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और भोले शंकर कोरोना से रक्षा करेंगे. उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ भारत के नागरिकों सहित पूरी दुनिया की कोरोना से रक्षा करेंगे.



