© Copyright - 2020 - Samridh Media.
संसद भवन के लिए 20 हजार करोड़ खर्च रही है मोदी सरकार, पर किसानों के लिए नहीं है 15 हजार करोड़ : प्रियंका
बिजनौर : कांग्रेस महासचिव व उत्तरप्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी सोमवार को बिजनौर में आयोजित किसान महापंचायत में शामिल हुईं और इस दौरान मोदी सरकार व कृषि कानून पर जमकर बरसीं। प्रियंका गांधी ने कहा कि जो सरकार नए संसद भवन के निर्माण में 20 हजार करोड़ रुपये खर्च कर सकती है, उसके पास देश के किसानों को देने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये नहीं है। उन्होंने कहा कि पैसा तो है लेकिन उनकी नीयत और प्राथमिकता फिजूलखर्ची है, किसान नहीं हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि इस सरकार व प्रधानमंत्री को लोगों ने दोबारा चुना, क्योंकि उनसे उनकी उम्मीदें थीं, लेकिन उनके राज में कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि किसान नए कृषि कानून नहीं चाहते हैं, लेकिन यह सरकार उसे वापस नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि क्या इस तरह जबरन किसी की भलाई की जाती है।
LIVE: Smt. @PriyankaGandhi addresses Kisan Panchayat in Bijnor, UP. https://t.co/nK8wc5NCDB
— Congress (@INCIndia) February 15, 2021
- Sponsored -
प्रियंका गांधी ने कहा कि ये तीनों कानून किसान के लिए नहीं बनाए गए हैं, ये इनके पूंजीपति मित्रों के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह देश अंधा नहीं है, देख रहा है कि सात सालों में देश में क्या हो रहा है। इनके पूंजीपति दोस्तों को पूरा देश सौंप दिया गया है।
कृषि कानून का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि क्या प्रधानमंत्री की समझ देश के किसानों से अधिक है, जब वे कह रहे हैं कि हमें यह कानून नहीं चाहिए तो फिर वे उसे वापस क्यों नहीं ले लेते हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में गन्ना किसानों का 15 हजार करोड़ बकाया है, लेकिन ये ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने आपका बकाया पूरा नहीं किया लेकिन खुद के दुनिया घुमने के लिए 16 हजार करोड़ का दो हवाई जहाज खरीदे हैं।