रांची के अखबारों की सुर्खियां : झारखंड की 150 कंपनियों ने किया PF घोटाला, 4102 किलो नकली पनीर जब्त, अन्य खबरें
रांची : रांची से छपने वाले प्रमुख अखबार आज होली के रंग में रंगे हैं. अखबार में यश बैंक संकट व राणा कपूर की गिरफ्तारी, कोरोना वायरस के बढते मामले अहम खबरें हैं. इसके साथ ही रांची में नकली पनीर जब्त किए जाने की खबर को दैनिक जागरण एवं दैनिक भास्कर ने लीड खबर के रूप में छापा है. हिंदुस्तान व जागरण के पहले पन्ने पर एक-एक खबरें ऐसी हैं, जो अलग हैं.
प्रभात खबर ने इस मौके पर कवर पेज पर विशेष प्रस्तुति दी है और यह बताया है कि यश बैंक संकट व कोरोना वायरस से थोड़ा हटकर होली तो खेल लें. प्रभात खबर ने पेज – 2 पर एक अशोक प्रियदर्शी का होली पर एक आलेख छापा है: ऐसे हुरियारिनों से डरे हैं बड़े-बड़े बरियार. यह उनका बनारसी होली का संस्मरण है. अखबार ने समाज की दशा बताने वाली दो खबरें छापी हैं और सवाल उठाया है कि कहां समाज जा रहा है. इसमें एक कोडरमा में एक नाबालिग लड़के की इश्कबाजी में हत्या की खबर है तो दूसरा गुमला में डायन बिसाही का आरोप लगाकर पूरे परिवार को गांव से बहिष्कृत करने का मामला है. यश बैंक के ग्राहको के लिए एक राहत भरी खबर है कि वे किसी भी एटीएम से पैसे निकाल सकेंगे. वहीं, इसके संस्थापक राणा कपूर की गिरफ्तारी व 11 मार्च तक इडी के रिमांड पर रहने की खबर भी है. अखबार ने खबर दी है कि होली के दिन बारिश हो सकती है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. होली के सुरक्षा को लेकर खबर है कि महिला को जबरन रंग लगाया तो कार्रवाई. सुरक्षा को लेकर रैफ सहित जिला बल के तीन हजार अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे.दैनिक भास्कर की लीड खबर है : बिहार से आया जहर…यूरिया, कास्टिक सोडा मिला 4102 किलो पनीर जब्त. अखबार ने लिखा है सफेद पनीर का काला धंधा, होली के रंग में भंग डालने की कोशिश. यह भी उल्लेख है कि इसकी गुणवत्ता इतनी खराब थी कि नदी किनारे इसे दफन करना पड़ा. बिहार से आने वाली 18 बसों की जांच की गयी, जिसमें पांच में नकली पनीर मिला. यश बैंक संकट की खबर का शीर्षक है: सुबह राणा अरेस्ट, शाम को विदेश जा रही बेटी को एयरपोर्ट पर रोका. लातेहार से एक खबर है कि आदिम जनजाति परिवार के तीन सदस्य नदी में बहे. आइएस से जुड़े कश्मीरी दंपती की गिरफ्तारी की भी खबर है, उनके पास से जिहादी दस्तावेज व गैजेट जब्त किए गए हैं. यह कार्रवाई दिल्ली दंगों की जांच से जुड़ी है. एक खबर है: 2800 महिला समूह बनाकर 28 हजार को स्वरोजगार दिलाने वाली झारखंड की चामी मुर्मू को मिला नारी शक्ति पुरस्कार. अखबार ने राष्ट्रपति से अन्य नारी शक्ति पुरस्कार प्राप्त महिलाओं का इसके साथ जिक्र किया है.
Latest News



