रांची के अखबारों की सुर्खियां : रघुवर ही नहीं अब बाबूलाल के खिलाफ भी झामुमो सरकार कराएगी जांच, भैंसों ने बाघिन को मार डाला, अन्य खबरें
रांची : रांची के अखबारों में आज बाबूलाल मरांडी की भाजपा में वापसी, पलामू टाइगर रिजर्व में बाघिन की मौत व वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह संकल्प कि संशोधित नागरिकता कानून पर कायम रहेंगे बड़ी खबरें हैं. इसके अलावा भी अखबारों ने अपने-अपने तरीके से खबरें की हैं और अन्य खबरों को प्रमुखता से छापा है. अंदर के पन्ने की एक खबर सबसे अधिक ध्यान खींचती है कि बाबूलाल मरांडी के खिलाफ भी जांच होगी.
प्रभात खबर के कवर पेज – 1 पर लीड स्टोरी है: काॅल ड्राप से ग्राहकों को लग रहा चूना, बिना बात कराये कंपनियां हर माह वसूल रही 19.62 करोड़. अखबार ने लिखा है कि झारखंड व बिहार में मोबाइल सेवा बदहाल है. अखबार ने लिखा है कि बात होती नहीं है और कंपनियां पूरा पैसा काट लेती हैं. किक्रेट की एक खबर है कि 29 मार्च को मुंबई-चेन्नई के बीच ओपनिंग मैच होगा. यह खबर आइपीएल 2020 का कार्यक्रम जारी होने की है. इसमें आठ टीमें हिस्सा लेंगी और 56 मैच होंगे. अखबार ने एक खबर दी है कि शराब पी कर वाहन चलाने वाले 72 लोगों पर मुकदमा चलेगा. ये लोग जांच में पकड़ाये थे. उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के रांची दौरे की खबर है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार समाज में गरीबी व असमानता का बड़ा कारण है.हिंदुस्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे के दौरान उनके संबोधन को बड़ी खबर बनाया है. शीर्षक है : दबाव के बावजूद सीएए पर कायम हैं और रहेंगे: मोदी. प्रधानमंत्री ने कहा कि राम मंदिर के लिए ट्रस्ट तेजी से काम करेगा. वहीं, हुंडरू में डूबने वाले छात्र आशुतोष को लेकर अखबार ने लिखा है: सेल्फी के चक्कर में हुंडरू फाॅल में डूबा रांची का छात्र. अखबार ने खबर दी है कि अमित शाह की मौजूदगी में आज होगा भाजपा में झाविमो का विलय. अखबार ने संभावना जतायी है कि मरांडी भाजपा विधायक दल के नेता बनाए जा सकते हैं. ओम माथुर इस पूरी कवायद के लिए पहले ही रांची पहुंच गए हैं अखबार ने एक खबर दी है कि लातेहार में ट्रक के ठोकर से चार की मौत हो गयी, वहीं चतरा में एक स्कूली छात्रा के गर्भवती होने की खबर है. विधायक इरफान अंसारी का बयान है: प्रदीप यादव कांग्रेस में शामिल हुए तो पार्टी छोड़ दूंगा. बेतला की खबर का अखबार ने शीर्षक दिया है: बेतला पार्क में बाघिन का शव मिलने से हड़कंप. पेट्रोल के चार रुपये तक सस्ता होने व जामिया कांड के तीन नए वीडियो वायरल होने की खबर भी अखबार ने दी है.
दैनिक जागरण की लीड खबर है : 14 साल बाद आज भाजपा में होगी बाबूलाल की वापसी. वहीं, इसके साथ यह खबर भी है कि समर्थकों के साथ प्रदीप यादव व बंधु तिर्की कांग्रेस में शामिल होंगे. पलामू टाइगर रिजर्व में बायसन के हमले से बाघिन की मौत की खबर भी है. अखबार ने खबर दी है कि गिरिडीह में पांच दिनों में 16 की मौत, जहरीली शराब पीने की आशंका. पाक के लिए जासूसी के आरोप में नौ नौसैनिक के गिरफ्तार होने की खबर भी अंदर के पन्ने पर है. काशी से प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि सीएए व अनुच्छेद 370 पर दबाव न माना और न ही मानेंगे. वहीं, केजरीवाल के शपथग्रहण की खबर है और उनके द्वारा दिल्ली के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आशीर्वाद मांगने की खबर भी है. आइआइएम रांची में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का संबोधन है कि जो मुद्दों को समझे, सिस्टम सुधारे वही लीडर. खूंटी पुलिस द्वारा दिल्ली में मानव तस्करों की गिरफ्त से 10 लड़कियों को छुड़ाने की खबर भी अखबार में है. हजारीबाग में एक व्यक्ति के अपहरण व हत्या मामले पर सीएम हेमंत सोरेन के ट्वीट से प्रशासन के एक्टिव होने की खबर भी अखबार में है.
इन सब के बीच दैनिक जागरण की सबसे अधिक ध्यान खींचने वाली खबर झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य का बयान है. उन्होंने कहा है कि मैनहर्ट घोटाले की खुलेगी फाइल, बाबूलाल व रघुवर की भूमिका की होगी जांच. यह बयान बाबूलाल के भाजपा में शामिल होने से ठीक एक दिन पहले आया है. चुनाव में जीत के बाद बाबूलाल से मिले समर्थन के बाद झामुमो ने उनके प्रति गहरा सम्मान दिखाया था, लेकिन अब उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सुप्रियो ने कहा है कि तत्कालीन नगर विकास मंत्री रघुवर दास ने इस घोटाले को अंजाम दिया था. यह बदलते राजनीतिक समीकरण का संकेत है. झामुमो ने अब उन्हें पाॅलिटिकल सप्लायर कहा है. झामुमो ने कहा कि बाबूलाल की सहमति से ही 2014 में उनके विधायक भाजपा में शामिल हुए थे. पार्टी ने उन पर जनमत का अपमान करने का आरोप लगाया. वहीं, धनबाद से ढुलू महतो पर रंगदारी का मुकदमा दर्ज होने व पाकुड़ में नशे की हालत में एक पत्नी द्वारा पति की पीट कर हत्या किए जाने की खबर भी है.
Latest News



