रांची के अखबारों की सुर्खियां : एक ही दिन में एक डाॅक्टर ने किया 100 ऑपरेशन, IPS अनुराग का नया मामला, अन्य खबरें
रांची : रांची से छपने वाले अखबारों में कोरोना वायरस, शिबू सोरेन की राज्यसभा उम्मीदवारी व विधानसभा सत्र में जारी हंगामे की खबर प्रमुखता से है. प्रभात खबर की कवर पेज वन व टू पर क्रमशः आयुष्मान भारत योजना और आइपीएस अनुराग गुप्ता से जुड़ी खबर है जो ध्यान खींचती है. हिंदुस्तान के पहले पन्ने पर कोई विशेष खबर नहीं है. दैनिक भास्कर की स्थानीय नीति से जुड़ी एक खबर ध्यान खींचती है.
प्रभात खबर ने आज आयुष्मान भारत योजना में गड़बड़ी की खबर को लीड में छापा है. अखबार की इस खबर का शीर्षक है: एक ही दिन में एक डाॅक्टर ने सरायकेला से दुमका तक किया 100 से ज्यादा आॅपरेशन. उस डाॅक्टर ने उस दिन पाकुड़ में 24, दुमका में 78, जामताड़ा में छह और सरायकेला में 12 आॅपरेशन किए. यह तीन मार्च 2019 का डेटा है. फिर 26 मार्च 2019 को छह जिलों में यात्रा कर इन्होंने 26 आॅपरेशन किए. दरअसल यह फर्जी आंकड़ा नेत्र विशेषज्ञ डाॅ एसएस माॅल के नाम दर्ज है. अब राज्य आरोग्य समिति ने इस मामले में जांच व कार्रवाई का आदेश दिया है. पहले पन्ने की दूसरी अहम खबर कर्मचारियों के संबंध में है. इपीएफओ ने ब्याज दर 0.15 प्रतिशत घटा कर 8.50 कर दिया. निर्भया के दोषियों के लिए फांसी की नयी तारीख 20 मार्च की खबर अखबार में है और राजद के द्वारा तीन नए उपाध्यक्ष नियुक्त करने की खबर भी है, जिनके नाम रघुवंश प्रसाद सिंह, राबड़ी देवी व शिवानंद तिवारी हैं.दैनिक जागरण ने भी कोरोना वायरस को बड़ी खबर के रूप में छापा है. शीर्षक है: देश भर में अब रैपिड रिस्पांस टीमों से रखी जाएगी नजर. अखबार ने लिखा है कि गाजियाबाद में सामने आया एक और मामला, अबतक 30 संक्रमित. इसमें रांची से खबर है कि बड़े निजी अस्पतालों में 10-10 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाने का आदेश दिया गया है. इस अखबार ने दूसरी प्राथमिकता निर्भया मामले को दिया है. शीर्षक है: निर्भया के दोषियों के लिए चैथा डेथ वारंट. पीएफ का ब्याज दर कम कर साढे आठ प्रतिशत करने की खबर भी अखबार में है.
इस अखबार के कवर पेज – 2 पर लीड स्टोरी है: सीएम ने जोड़े हाथ, कहा – चलने दें सदन. अखबार ने लिखा है कि इरफान अंसारी के विवादित बयान पर सदन में जमकर हंगामा हुआ. चांडिल में कार द्वारा रौंदे जाने से चार लोगों की मौत की खबर व दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन की गिरफ्तारी की खबर भी अखबार ने दी है. कांग्रेस के सात सांसदों को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला द्वारा हंगामे के आरोप में निलंबित करने की खबर भी अखबार ने संक्षेप में पहले पन्ने पर दी है.
दैनिक भास्कर ने लीड खबर स्थानीय नीति पर छापी है जो ध्यान खींचती है. शीर्षक है: स्थानीय नीति में बदलाव नहीं करेगी राज्य सरकार. अखबार ने यह खबर विधानसभा में तारांकित सवाल के जवाब में बनायी है. माले सदस्य के सवाल पर सरकार का जवाब है: स्थानीय नीति में सुधार का कोई औचित्य नहीं है. अखबार ने लिखा है कि झामुमो ने अपने चुनावी घोषणा पर में इसको लेकर वादा किया था और शिबू सोरेन ने भी यह बात कही थी कि 1932 कट आॅफ डेट होगा. विधानसभा से अखबार की खबर है: मरांडी को फिलहाल नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नहीं मिलेगा, सीएम ने कहा कि भाजपा किसी और को चुन ले नेता. संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि यह दसवीं अनुसूची का मामला, सदन में फैसला नहीं हो सकता है. कोरोना वायरस से जुड़ी खबर का शीर्षक है: दिल्ली के प्राइमरी स्कूल 31 मार्च तक बंद, प्रधानमंत्री मोदी का बेल्जियम दौरा टला. अखबार ने खबर दी है कि स्टीफन मरांडी राज्य 20 सूत्री के उपाध्यक्ष बने और उनके मंत्री बनने की संभावना खत्म हो गयी. वहीं, शिबू सोरेन की राज्यसभा उम्मीदवारी की खबर भी है. इसके साथ यह खबर भी है कि यस बैंक से ग्राहक 50 हजार रुपये ही निकाल सकेंगे. लोकसभा उपाध्यक्ष से कागज छिनने के मामले में सात कांग्रेस सांसदों को स्पीकर ओम बिड़ला द्वारा निलंबित किए जाने की खबर भी है.
Latest News



