रांची के अखबारों की आज की सुर्खियां, सरयू की चेतावनी, जिसने मेरी बात नहीं मानी गया जेल
रांची : झारखंड की राजधानी रांची से प्रकाशित होने वाले आज के अखबारों में रघुवर दास एवं सरयू राय के टकराव की खबर सबसे अहम है. इसके साथ ही अखबारों ने पहले चरण के उम्मीदवारों का प्रोफाइल भी खंगाला है और वोटरों को बताया है कि पहले चरण के 35 उम्मीदवार करोड़पति हैं, जिनमें कई पर हत्या एवं भ्रष्टाचार के मामले हैं.
प्रभात खबर के अंदर के पन्ने की एक खबर ध्यान खींचती है. सरयू राय ने कहा कि जिसने भी मेरी बात नहीं मानी वह जेल गया. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव एवं मधु कोड़ा को मैंने समझाया था कि गलत नहीं करें, लेकिन वे नहीं माने और जेल गए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते इन नेताओं ने गलती नहीं मानी. सरयू राय ने कहा कि झारखंड के घोटालों के पुख्ता सबूत हैं और इस पर जवाब तो मांगूंगा ही. भाजपा नेता रामकृपाल यादव का एक बयान है कि सुदेश पहले अपनी सीट बचायें.
हिंदुस्तान की भी पहले पन्ने की खबर है: रघुवर के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे सरयू. आज से शुरू हो रहे संसद सत्र के संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी का बयान है कि संसद में सभी मुददों पर चर्चा के लिए तैयार हैं. कल सर्वदलीय बैठक हुई थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को पलामू में चुनावी सभा करेंगे यह भी अहम खबर है. आयुष्मान योजना में बिहार एवं यूपी के पिछड़ने की खबर भी पहले पन्ने पर है. हिंदुस्तान ने सरयू राय का बयान दिया है: कोड़ा के रास्ते पर जाने से रोका तो गलत हो गया. ठंड बढने की खबर भी अंदर के पन्ने पर है, लिखा है: रांची में पारा 14 व कांके में 11 डिग्री पहुंचा.
दैनिक भास्कर ने भी सरयू राय की खबर को ही लीड में दिया और उनके बयानों के अंतर को बताने का प्रयास किया है. अखबार ने लिखा है कि सुबह में उन्होंने पूर्वी एवं पश्चिमी दोनों सीटों से लड़ने की बात कही, लेकिन जब शाम में देवेंद्र सिंह को भाजपा द्वारा जमशेदपुर पश्चिम से प्रत्याशी बनाने की खबर आयी तो उन्होंने कहा कि वे अब सिर्फ पूर्वी से लड़ेंगे क्योंकि पार्टी ने पश्चिमी से प्रत्याशी दे दिया है. सरयू राय द्वारा विधायक एवं मंत्री पद से इस्तीफा देने का भी उल्लेख किया गया है.
अखबार ने खबर दी है कि आजसू से संकल्प पत्र जारी किया और आठ प्रत्याशी घोषित किए. सुदेश महतो का बयान है कि जीते तो आबादी के हिसाब से 73 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा. कांके से कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी बदलने की भी खबर है. लिखा है कि राजीव की जगह अब सुरेश लड़ेंगे. अखबार ने रघुवर व सरयू पर पहले पन्ने पर कार्टून छापा है और लिखा है कि मैं नहीं चाहता कि एक और सीएम जेल जाए.
दैनिक जागरण ने लीड खबर को हेडिंग दिया है: सरयू ने दिया इस्तीफा सीएम के खिलाफ लड़ेंगे विस चुनाव. अखबार ने लिखा है कि मुख्यमंत्री रघुवर, सुदेश सहित कई दिग्गज आज पर्चा भरेंगे. रघुवर दास दिन के 12 बजे जमशेदपुर पूर्वी से पर्चा भरेंगे और इसी सीट से सरयू राय भी निर्दलीय के रूप में पर्चा भरेंगे. वहीं सुदेश महतो सिल्ली से पर्चा भरेंगे. इस अखबार की अंदर के पन्ने पर खबर है: फेसबुक-ट्विटर को टक्कर देने आया डब्ल्यूटी सोशल.
Latest News



