रांची के अखबारों की सुर्खियां : तो बन गयी हेमंत कैबिनेट पर बात, बाबूलाल ने चल दी यह चाल
रांची : झारखंड की राजधानी रांची से छपने वाले प्रमुख अखबारों में आज हेमंत कैबिनेट में कांगे्रेस की संभावित हिस्सेदारी और बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो की नयी कार्यकारिणी का गठन अहम खबरें हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय खबरों में निर्भया के दोषियों की फांसी की तारीख बढने को जगह दी गयी है.
प्रभात खबर ने लीड खबर दी है : विलय की ओर बढा झाविमो, बाबूलाल ने बनायी अपनी टीम. अखबार ने लिखा है कि ऐसा भाजपा में विलय के लिए किया गया है. नयी कार्यकारिणी में प्रदीप यादव व बंधु तिर्की को रखा तो गया है लेकिन कोई पद नहीं दिया गया है. वहीं, सबा अहमद को कोई पद भी नहीं दिया गया है. अखबार के अनुसार, पार्टी के दोनों विधायक पार्टी के संविधान के अनुसार, कार्यकारिणी के मात्र पदेन सदस्य भर हैं. प्रदीप व बंधु मरांडी से मिलकर अपना विरोध जताएंगे. अखबार ने टाॅप बाॅक्स में चतरा के एक व्यक्ति एतु गंझू की खबर का फालोअप छापा है, जिनकी मौत हो गयी. यह अखबार की श्वेत पत्र काॅलम की अपनी स्टोरी का फाॅलोअप है. वहीं, गढवा में बच्ची को बेचे जाने के मामले की जांच का आदेश दिया गया है.हिंदुस्तान ने लीड खबर निर्भया कांड को बनाया है. शीर्षक दिया है : फांसी की नयी तारीख एक फरवरी. वहीं, निर्भया की मां का बयान है: तारीख पर तारीख मिल रही है. उधर, डोरंडा रेप कांड में देरी पर कोर्ट ने नाराजगी जतायी है. अखबार ने खबर दी है कि सोनिया गांधी के साथ झारखंड कांग्रेस के विधायकों की बैठक में मंत्रियों के नाम पर मुहर लग गयी. अखबार के अनुसार, नामों की घोषणा एक-दो दिन में होगी. शनिवार को आरपीएन सिंह रांची आकर हेमंत सोरेन को नामों की सूची देंगे. कांगे्रेस का जोर न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर काम करने पर है. झाविमो की उठा’-पटक की खबर इस अखबार ने भी पहले पन्ने पर दी है, लेकिन नयी दिल्ली से एनपीआर के संबंध में इस अखबार की एक खबर ध्यान खींचती है. अखबार ने खबर दी है कि इस बात के संकेत मिले हैं एनपीआर में माता-पिता का जन्मस्थान बताना जरूरी नहीं होगा. एक और दूसरी खबर दिल्ली से है: सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अनुबंधित सरकारी कर्मचारी जो सीधे कंपनी ने वेतन व भत्ते लेते हैं वे इपीएम के लाभ के हकदार होंगे.
दैनिक भास्कर ने निर्भया मामले की खबर को प्राथमिकता दी है और नये कलेवर में पेश किया है. इस अखबार ने डेथ वारंट की तारीख टलने की खबर को शीर्षक दिया है: मां! सिस्टम अंधा है और सियासत बेशर्म. अखबार ने निर्भया की मां का फोटो छापा है और उनका बयान दिया है: जो मुजरिम चाहता था वही हो रहा है. अखबार ने लिखा है कि आम आदमी पार्टी व भारतीय जनता पार्टी एक-दूसरे को फांसी में देरी की वजह बता रही हैं. अखबार ने यह भी लिखा है कि निर्भया की मां के अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ने की अटकलें हैं. अखबार ने पहले पन्ने पर प्रमुखता से खबर द दी है: आज से चार दिन रांची सहित राज्य में बारिश के आसार. एक खबर है राज्यसभा सदस्य धीरज साहू के निर्वाचन को हाइकोर्ट ने सही ठहराया. संचार उपग्रह जीसैट – 30 की सफल लांचिंग की खबर भी पहले पन्ने पर संक्षेप में है. संक्षेप में एक और खबर है: रिलायंस को 11,640 करोड़ का लाभ हुआ. यह इस कंपनी के निवेशकों के लिए अच्छी खबर है.
दैनिक जागरण ने लीड खबर दी है : निर्भया के कातिलों को एक फरवरी को फांसी. अखबार ने लिखा है कि एक दोषी मुकेश की दया याचिका राष्ट्रपति ने खारिज कर दी, जबकि तीन अन्य दोषियों के पास अभी भी कानूनी उपाय हैं. अखबार ने खबर दी है जेइइ मेन का रिजल्ट आ गया है, जिसमें झारखंड के दयाल कुमार को 99.99 परसेंटाइल मिला है. शिबू सोरेन का गोड्डा से बयान है: झारखंड में स्थानीय लोगों को ही मिलेगा काम. एक खबर है कि हेमंत को मिला खाली खजाना, कोषागार से निकासी बंद. अखबार ने पहले पन्ने पर एक खबर दी है कि नया सचिवालय भवन का टेंडर रद्द कर दिया गया है. अखबार ने लिखा है कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने माना कि कश्मीर पर कोई साथ नहीं है. अखबार ने बाॅटम में एक स्टोरी दी है कि भूगर्भ जल की हर बूंद का हिसाब रखेगी सरकार. अखबार ने यह खबर झारखंड स्टेट ग्राउंड आॅथरिटी के गठन की संभावना व उसके लिए ड्राफ्ट तैयार होने को लेकर दी है. अखबार ने सोनिया गांधी से झारखंड के कांग्रेस विधायकों की मुलाकात के संबंध में खबर दी है कि 20 तक हेमंत कैबिनेट का विस्तार हो सकता है.



